उत्तरकाशी: पवाणी गांव की आग ने छीना आशियाना और रोजगार, होमस्टे बनाकर पलायन रोकने की उम्मीदें राख - सच की आवाज

उत्तरकाशी: पवाणी गांव की आग ने छीना आशियाना और रोजगार, होमस्टे बनाकर पलायन रोकने की उम्मीदें राख

उत्तरकाशी के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड ने 45 परिवारों का आशियाना और रोजगार छीन लिया.

उत्तरकाशी: मोरी विकासखंड की हरकीदून घाटी के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड ने न केवल 45 परिवारों को बेघर कर दिया, बल्कि ग्रामीणों के स्वरोजगार के सपनों को भी राख कर दिया. हरकीदून ट्रेक पर हर साल पहुंचने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को देखते हुए गांव के कई परिवार अपने घरों को होमस्टे के रूप में विकसित कर रहे थे. उन्हें उम्मीद थी कि पर्यटन के जरिये गांव में ही रोजगार के अवसर मिलेंगे और पलायन पर भी अंकुश लगेगा, लेकिन बीते मंगलवार को लगी आग ने उनकी वर्षों की मेहनत और भविष्य की योजनाओं को तबाह कर दिया.

ग्रामीण जगदीश पंवार, त्रेपन सिंह, अमर सिंह, प्रकाश, संजय, बुद्धि सिंह, राजीव सिंह, नरेश, राजेंद्र और बहत्तर दास समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि कुछ परिवार होमस्टे का संचालन शुरू कर चुके थे, जबकि कई अपने घरों को पर्यटकों के ठहरने के अनुकूल तैयार कर रहे थे. इसके लिए उन्होंने अपनी जमा पूंजी लगाई थी. आग में घरों के साथ उनकी आजीविका का आधार भी खत्म हो गया. अब प्रभावित परिवारों के सामने आवास और रोजगार दोनों का संकट खड़ा हो गया है.

ग्रामीणों ने सरकार से सामान्य राहत राशि के साथ पर्यटन और होमस्टे योजनाओं के तहत विशेष आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपने पैरों पर खड़े हो सकें. पवाणी अग्निकांड ने सीमांत क्षेत्र की बदहाल सड़क और संचार व्यवस्था की हकीकत भी सामने ला दी है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि गांव तक सड़क की स्थिति बेहतर होती और मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध होता तो प्रशासन और राहत-बचाव दल को समय पर सूचना मिल पाती और मदद तेजी से पहुंच सकती थी.

ग्रामीणों के अनुसार सांकरी से करीब पांच किलोमीटर तक सड़क किसी तरह वाहनों के चलने लायक है, लेकिन इसके आगे पवाणी गांव तक का मार्ग बेहद जर्जर और उबड़-खाबड़ है. कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण राहत दलों के वाहनों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. संकरे और खराब मार्ग के चलते राहत सामग्री और जरूरी उपकरणों को गांव तक पहुंचाना भी चुनौतीपूर्ण रहा. गांव के सामाजिक कार्यकर्ता यशपाल पंवार ने बताया कि पवाणी में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति बेहद खराब है. यहां केवल बीएसएनएल का नेटवर्क कभी-कभार ही मिलता है, जबकि अन्य कंपनियों का नेटवर्क काम नहीं करता.

अग्निकांड के दौरान ग्रामीणों को प्रशासन और अग्निशमन विभाग तक सूचना पहुंचाने के लिए नेटवर्क तलाशते हुए गांव के अलग-अलग स्थानों पर जाना पड़ा. काफी मशक्कत के बाद घटना की सूचना प्रशासन तक पहुंच सकी. ग्रामीणों का कहना है कि दुर्गम और आपदा की दृष्टि से संवेदनशील सीमांत गांवों में सड़क और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी आपातकाल में भारी पड़ सकती है. उन्होंने पवाणी समेत पूरे क्षेत्र में सर्वकालिक मोटर मार्ग के निर्माण और भरोसेमंद मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को पुनर्वास और आजीविका के लिए विशेष सहायता देने के साथ क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना भी जरूरी है.