भारी भूस्खलन से केदारनाथ पैदल मार्ग बाधित, रोकी गई यात्रियों की आवाजाही - सच की आवाज

भारी भूस्खलन से केदारनाथ पैदल मार्ग बाधित, रोकी गई यात्रियों की आवाजाही

केदारनाथ मार्ग पर भारी बारिश से लगातार भूस्खलन हो रहा है. जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं.

रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड): केदारनाथ यात्रा मार्ग पर लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच गुरुवार सुबह बड़ा हादसा टल गया. गौरीकुंड गेट से लगभग 200 मीटर आगे अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा, विशाल बोल्डर और चट्टानें पैदल मार्ग पर आ गिरे, जिससे केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पूरी तरह बंद हो गया. खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल यात्रियों की आवाजाही रोक दी और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहरा दिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही क्षणों में पहाड़ी से तेज गर्जना के साथ भारी मलबा और पत्थर नीचे आने लगे. यदि उस समय श्रद्धालु मार्ग पर होते तो बड़ा हादसा हो सकता था. प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से संभावित जनहानि टल गई. भूस्खलन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, डीडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं.

मार्ग से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है, लेकिन लगातार हो रही बारिश और ऊपर से गिरते पत्थरों के कारण राहत एवं बहाली कार्य में भारी दिक्कतें आ रही हैं. सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी यात्री को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है.

गौरीकुंड गेट से आगे भारी भूस्खलन होने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है. डीडीआरएफ की टीम मौके पर तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू कराई जाएगी.
-नंदन सिंह रजवार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी-

प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, बिना अनुमति आगे बढ़ने का प्रयास न करें तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करें. फिलहाल केदारनाथ पैदल यात्रा पूरी तरह स्थगित है. यात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन के अगले आदेश का इंतजार करने की अपील की गई है.