U19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी में उत्तराखंड ने असम को 255 रन से रौंदा, लड़कियों ने बिहार को 71 रन से दी शिकस्त - सच की आवाज

U19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी में उत्तराखंड ने असम को 255 रन से रौंदा, लड़कियों ने बिहार को 71 रन से दी शिकस्त

वीनू मांकड़ ट्रॉफी में कप्तान आयुष देसवाल ने 78 रन बनाए, आकाश ने 4 विकेट लिए, लड़कियों की कप्तान करीना ने 47रनों की पारी खेली

देहरादून: क्रिकेट के मैदान पर उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों ने दम दिखाया है. अंडर-19 पुरुष टीम ने असम को 255 रन से हराया, तो महिला टीम ने बिहार को 71 रन से शिकस्त दी. दोनों टीमों ने अपनी विपक्षी टीमों को एकतरफा अंदाज में रौंद दिया.

क्रिकेट के मैदान में उत्तराखंड की युवा प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन: क्रिकेट के मैदान पर उत्तराखंड की युवा प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है. बीसीसीआई के घरेलू टूर्नामेंट में प्रदेश की अंडर-19 पुरुष और महिला टीमों ने अपने-अपने मुकाबलों में बड़ी जीत दर्ज की. वीनू मांकड़ ट्रॉफी में उत्तराखंड की पुरुष टीम ने असम को 255 रन से हराया, जबकि महिला अंडर-19 टी-20 ट्रॉफी में उत्तराखंड की बेटियों ने बिहार को 71 रन से शिकस्त दी.

पुरुष टीम की जीत में कप्तान आयुष देसवाल की 78 रन की पारी और आकाश कुमार के चार विकेट अहम रहे. वहीं, महिला टीम की ओर से कप्तान करीना ने 47 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. दोनों मुकाबलों में उत्तराखंड के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मिलकर विपक्षी टीमों पर दबाव बनाए रखा.

आयुष की कप्तानी पारी, उत्तराखंड ने बनाए 323 रन: वीनू मांकड़ ट्रॉफी के एलीट ग्रुप मुकाबले में उत्तराखंड की अंडर-19 पुरुष टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 323 रन बनाए. कप्तान आयुष देसवाल ने 68 गेंदों पर 78 रन की आक्रामक पारी खेली. उन्होंने चार चौके और सात छक्के लगाए. वहीं, आदित्य नौटियाल ने 76 गेंदों पर 59 रन बनाकर पारी को संभाला. दोनों बल्लेबाजों ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. इसके बाद मंथन सैनी ने 34 गेंदों पर 42 रन बनाए, जबकि अभिमन्यु भाटिया ने 22 गेंदों पर 26 रन का योगदान दिया. समर्थ सेमवाल ने भी 50 गेंदों पर 30 रन बनाए. पारी के आखिरी ओवरों में श्रीजन रावत ने तेजी से रन बटोरे. उन्होंने महज 27 गेंदों पर नाबाद 47 रन ठोक दिए, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल रहे. इस तरह उत्तराखंड ने असम के सामने 324 रन का लक्ष्य रखा.

आकाश कुमार ने चार विकेट लेकर तोड़ी असम की कमर: बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी असम की टीम उत्तराखंड की गेंदबाजी के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी. पूरी टीम 21.1 ओवर में महज 68 रन पर सिमट गई. उत्तराखंड की ओर से आकाश कुमार ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके. उन्होंने छह ओवर में सिर्फ 13 रन खर्च किए. लकी पराशर ने 2.1 ओवर में तीन रन देकर दो विकेट हासिल किए, जबकि शौर्य जे. चौहान ने पांच ओवर में 24 रन देकर दो बल्लेबाजों को आउट किया. कप्तान आयुष देसवाल और प्रियांशु फर्त्याल को भी एक-एक विकेट मिला. उत्तराखंड के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही असम पर दबाव बनाए रखा. नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण असम की टीम लक्ष्य के करीब भी नहीं पहुंच सकी और उत्तराखंड ने 255 रन से बड़ी जीत दर्ज की.

महिला टीम ने भी दिखाया दम, बिहार को 71 रन से हराया: दूसरी ओर, बीसीसीआई की महिला अंडर-19 टी-20 ट्रॉफी के एलीट मुकाबले में उत्तराखंड की टीम ने बिहार को 71 रन से हराया. शनिवार, 10 अक्टूबर को मुंबई के एमसीए शरद पवार क्रिकेट अकादमी, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में उत्तराखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 154 रन बनाए. टीम की कप्तान करीना ने 37 गेंदों पर 47 रन की पारी खेली. उन्होंने नौ चौके लगाए और टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचाया. कनिका ने भी 11 गेंदों पर 23 रन बनाकर तेजी से रन जोड़े. सोना ने 32 गेंदों पर नाबाद 31 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज सिद्रा ने सिर्फ 10 गेंदों पर नाबाद 21 रन ठोक दिए. उनकी पारी में चार चौके शामिल रहे. इन उपयोगी पारियों की बदौलत उत्तराखंड ने बिहार के सामने 155 रन का लक्ष्य रखा.

गेंदबाजों ने बिहार को 83 रन पर रोका: लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 83 रन ही बना सकी. बिहार की ओर से संतोषी ने 44 गेंदों पर 38 रन बनाए, जबकि प्रतिभा साहनी 28 गेंदों पर नाबाद 24 रन बनाकर खेली. उत्तराखंड की ओर से कनिका नेगी और वैशाली तुलेरा ने दो-दो विकेट हासिल किए. कनिका ने तीन ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि वैशाली ने चार ओवर में 15 रन खर्च किए. तन्वी तोमर को भी एक विकेट मिला. धारा ने चार ओवर में सिर्फ 10 रन देकर किफायती गेंदबाजी की. उत्तराखंड की गेंदबाजों ने बिहार की रन गति पर अंकुश बनाए रखा और टीम को 71 रन से जीत दिलाई.

दोनों टीमों की जीत से युवा खिलाड़ियों का बढ़ा हौसला: उत्तराखंड की पुरुष और महिला अंडर-19 टीमों की ये जीतें घरेलू क्रिकेट में प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सामने लाती हैं. पुरुष टीम ने जहां बल्लेबाजी में 323 रन बनाने के बाद असम को 68 रन पर समेट दिया, वहीं महिला टीम ने 154 रन बनाने के बाद बिहार को 83 रन पर रोक दिया. दोनों मुकाबलों में बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी ने भी जीत में अहम भूमिका निभाई. अब आगामी मैचों में उत्तराखंड की टीमों की कोशिश इसी प्रदर्शन को बरकरार रखने की होगी.